10.1 C
New Delhi
Saturday, February 7, 2026

जातिवादी व व्यापारी मीडिया के दुष्चक्र में बहुजन

मीडिया का व्यापार और बहुजन समाज का भटकाव

पहले जब मीडिया खबरें देता था, तो यह व्यवसाय कहलाता था, किंतु आज यह खबरें बनाता है और व्यापार बन गया है—चाहे वह मनु मीडिया हो या तथाकथित बहुजन चैनल। लोग अब स्वतंत्र चिंतन और मंथन से अपना दृष्टिकोण निर्धारित नहीं करते। इसके बजाय, घर में बैठा व्यापारी पत्रकार अपनी टीआरपी और मुनाफे के लिए आपको अपने एजेंडे के अनुरूप सोचने को विवश करता है। आप वही सोचते हैं जो वह चाहता है, और वह वही चाहता है जो पूँजीवादी शक्तियाँ उसे निर्देशित करती हैं। इसके बाद पूँजीपतियों द्वारा संचालित मनु दल आपके मन को अपनी रणनीति के अनुसार ध्रुवीकृत करते हैं। जनता उनके इशारे पर सोचती और मतदान करती है। जो स्वयं का नजरिया तक नहीं बना सकते, वे अपनी समझ से मतदान कैसे करेंगे?

ऐसी परिस्थितियों में जनता सरकार नहीं चुनती, बल्कि मनु दल उसे इस तरह फँसाते हैं कि वह अनजाने में उनकी सरकार बना देती है। बाद में पछतावा शुरू होता है, और जब कुछ समझ न आए, तो सारा दोष बसपा पर मढ़ दिया जाता है। पिछले कुछ चुनावों से यही देखने और सुनने को मिल रहा है। अब यह तय करना कि चुनाव में किसे आगे करना है और किसे किनारे लगाना है, घर में कैमरे के सामने बैठा व्यापारी पत्रकार तय करता है। समाज उसके अनुसार सोचता और कार्य करता है। यही कारण है कि बाबासाहेब ने मीडिया को “व्यापार” और मान्यवर कांशीराम ने इसे “मनी, मीडिया, माफिया” कहकर इसकी कुटिल मंशा को चिह्नित किया था (स्रोत: बहुजन संगठक, 10 मई 1990)। प्रश्न यह है: क्या बहुजन समाज इसे पहचान पाया? और यदि पहचान भी लिया, तो क्या इसके चंगुल से मुक्त हो सका?

मीडिया के इस व्यापारी चरित्र को देखते हुए कुछ लोग पूछते हैं: यदि भाजपा, कांग्रेस, सपा, आप, टीएमसी, राजद, जदयू जैसे दल टीवी चैनलों को खरीद सकते हैं, तो बसपा ऐसा क्यों नहीं करती? इस संदर्भ में समझना आवश्यक है कि टीवी चैनलों की खरीद-फरोख्त अनैतिक, अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक है। यह लोकतंत्र के लिए घातक है। बसपा, जो एक आंदोलन है, ऐसा अनैतिक कृत्य कदापि नहीं कर सकती। दूसरा, टीवी चैनल संचालक अपनी जाति (तथाकथित उच्च जाति) के प्रति निष्ठावान हैं। वे अपने सामंती व्यवस्था के खिलाफ नहीं जाएँगे, क्योंकि उनकी भ्रष्टाचार जातिवादी है, न कि केवल नैतिक पतन का परिणाम। वे बहुजन यूट्यूबर्स या अखबारों की तरह अपनी जाति के खिलाफ जाकर नहीं बिकते। तीसरा, चैनलों को खरीदने के लिए धनाढ्यों का सहारा लेना पड़ेगा। यदि धनाढ्यों का सहारा लिया, तो नीतियाँ गरीब, शोषित और वंचितों के लिए नहीं, बल्कि धनाढ्यों के हित में बनेंगी, जो संविधान और बसपा के लक्ष्य के विरुद्ध है। बसपा सीमित संसाधनों वाली शोषित-वंचितों की पार्टी है, जो अपनी वैचारिकी और सिद्धांतों पर अडिग है। धनाढ्यों का सहारा लेना उनके इशारों पर चलने को बाध्य करेगा, जो बहुजन आंदोलन के मूल्यों के खिलाफ है। अतः बसपा से ऐसी अपेक्षा करना नासमझी होगी।

तथाकथित बहुजन यूट्यूबर्स और पत्रकारों के संदर्भ में भी यही प्रश्न उठता है: यदि अन्य दल इन्हें खरीद सकते हैं, तो बसपा क्यों नहीं? किंतु भाजपा, कांग्रेस, सपा, आप, टीएमसी, राजद, जदयू आदि पूँजीवादी दलों की तरह पूँजीपतियों पर निर्भर हैं। बहुजन यूट्यूबर्स बाबासाहेब और मान्यवर के मिशन का दावा करते हैं। यदि वे स्वयं को इस आंदोलन का हिस्सा मानते हैं, तो उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि वे बसपा की आवाज को जन-जन तक पहुँचाएँ। दूसरी बात, ये यूट्यूबर्स बहुजन समाज से उत्पन्न हुए हैं। वे चमचे बन गए हों, पर अपने हैं। सामान्यतः अपनों को खरीदा नहीं जाता, बल्कि उन्हें अपनत्व से जोड़ा जाता है। यदि फिर भी वे गैरों के हाथ बिक जाएँ, तो यह उनकी अपनी कमजोरी है। मान्यवर ने ऐसे लोगों को “चमचा” कहा था (स्रोत: बहुजन संगठक, 15 अगस्त 1992)। ये चैनल भी व्यवसाय नहीं, व्यापार कर रहे हैं। इन्हें अनसब्सक्राइब करना या इनसे सावधान रहना ही श्रेयस्कर है।

मीडिया माहौल बनाता भी है और बिगाड़ता भी है। खाली कुर्सियों को जनसैलाब, कातिल को मुंसिफ और शोषित को शोषक बना देता है। यह काम केवल मनु मीडिया ही नहीं, बल्कि चमचों के यूट्यूब चैनल भी करते हैं। बहुजन समाज को स्वयं से पूछना चाहिए: 1984 से आज तक किसी मीडिया ने बसपा के पक्ष में माहौल क्यों नहीं बनाया? क्या बसपा का प्रभाव कभी रहा ही नहीं? यदि मनु मीडिया बसपा के खिलाफ है, तो तथाकथित बहुजन मीडिया उसके सकारात्मक कार्यों को जनता तक क्यों नहीं पहुँचा पाया? यह प्रश्न आपको यह सोचने पर विवश करेगा कि ये यूट्यूबर्स किसके हाथों बिके हैं। इस प्रश्न का उत्तर ही आपका मार्गदर्शन करेगा।

अंततः, बहुजन समाज को समझना होगा कि राष्ट्र निर्माण और अपनी राजनैतिक अस्मिता के लिए उसे “एक दल, एक नेता, एक विचारधारा, एक झंडा, एक निशान” के सिद्धांत को अपनाना होगा। हमारी लड़ाई सकारात्मक है। हमें किसी को सत्ता से हटाने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं को सत्ता में स्थापित करने के लिए मतदान करना, सोचना, लिखना, बोलना और प्रचार करना चाहिए। दुखद है कि बहुजन समाज अपनी सत्ता स्थापित करने के बजाय भाजपा, कांग्रेस या क्षेत्रीय दलों की खिलाफत में अपनी ऊर्जा, समय और संसाधन नष्ट कर रहा है। यह समाज अपनी वैचारिकी, सिद्धांत, सूत्र और कार्यशैली से जुड़ने के बजाय मनोरंजन और उन्माद में लिप्त हो गया है। दूसरों की रेखा मिटाना इसे आंदोलन लगता है, जबकि अपनी रेखा गहरी करने की बात भूल गया। यदि यह भटकाव न सुधरा, तो यह उसकी अस्मिता को खंडित करेगा और भविष्य में अत्याचारों का कारण बनेगा।

तथाकथित बहुजन यूट्यूबर्स को हितैषी मानने वालों को यह जाँचना चाहिए कि इन्होंने कितनी बार बसपा की कार्यशैली, कार्य और लोकतंत्र में योगदान को उजागर किया? इसका उत्तर आपकी अंधी आँखों को प्रकाश दे सकता है। बहुजन समाज को बसपा के नेतृत्व में संगठित होकर सत्ता की ओर अग्रसर होना होगा, तभी समतामूलक समाज का स्वप्न साकार होगा।


स्रोत और संदर्भ :

  1. मान्यवर कांशीराम, “मनी, मीडिया, माफिया,” बहुजन संगठक, 10 मई 1990, अंक 5, वर्ष 8।
  2. “चमचा की परिभाषा,” बहुजन संगठक, 15 अगस्त 1992, अंक 12, वर्ष 10।
  3. डॉ. बी.आर. आंबेडकर, “मीडिया और लोकतंत्र,” संकलित रचनाएँ, खंड 1, 1936।
  4. प्रो. विवेक कुमार, “मीडिया का प्रभाव,” इकोनॉमिक एंड पॉलिटिकल वीकली, 2015।
  5. “चुनाव और ध्रुवीकरण,” द हिंदू, 20 मई 2019।

— लेखक —
(इन्द्रा साहेब – ‘A-LEF Series- 1 मान्यवर कांशीराम साहेब संगठन सिद्धांत एवं सूत्र’ और ‘A-LEF Series-2 राष्ट्र निर्माण की ओर (लेख संग्रह) भाग-1′ एवं ‘A-LEF Series-3 भाग-2‘ के लेखक हैं.)


Buy Now LEF Book by Indra Saheb
Download Suchak App

खबरें अभी और भी हैं...

यूजीसी समानता विनियमन 2026: एससी, एसटी और ओबीसी के हितों पर एक गहरा आघात

वर्तमान में सामान्य श्रेणी के बीच इस बात को लेकर शोर है कि इन विनियमनों के कारण उन पर 'फर्जी मामलों' की बाढ़ आ...

क्या भगवान बुद्ध सचमुच क्षत्रिय थे?

क्या सचमुच बुद्ध क्षत्रिय, ठाकुर अथवा राजपूत थे? इसको लेकर अक्सर कई बातें प्रचलन में रहती है लेकिन किसी भी शंकराचार्य ने कभी बुद्ध...

भारतीय सामाजिक व्यवस्था में “ऊँच-नीच” की मानसिकता: एक भयंकर ब्रह्मणी रोग

भारतीय समाज की सबसे गहरी और लगभग अटूट बीमारी उसकी जाति-आधारित ऊँच-नीच की मानसिकता है, जिसे विद्वान व विचारक "ब्रह्मणी रोग" या ब्राह्मणवादी चेतना...

ईश्वर अल्लाह गॉड: नाम की लड़ाई या पहचान का अहंकार?

भारत एक ऐसा देश है जहाँ सदियों से विविध धर्म, भाषाएँ और संस्कृतियाँ एक साथ साँस लेती आई हैं, एक-दूसरे के साथ फलती-फूलती रही...

बाबासाहेब का मिशन: सराय नहीं, संकल्प का दुर्ग है

भारतीय इतिहास में कुछ नाम ऐसे हैं जो सदियों की गुलामी की जंजीरों को तोड़ने के प्रतीक हैं। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ऐसे ही...

राजनीतिक सत्ता से समतामूलक संस्कृति की ओर: बहुजन समाज की स्वतंत्र अस्मिता का उदय

भारतीय समाज और आधुनिक लोकतंत्र के गहन अध्ययन से एक अटल सत्य उभरकर सामने आता है—जिनकी सांस्कृतिक पहचान मजबूत है, उनके पास ही सामाजिक...

भीमा कोरेगांव: जातिवाद पर विजय का ओजस्वी संदेश

दो सौ वर्ष पूर्व की वह गौरवमयी सुबह, जब भीमा नदी के तट पर पुणे के निकट कोरेगांव के मैदान में एक असाधारण महासंग्राम...

काल का मिथ्या यथार्थ और शून्यता का बोध

बौद्ध दर्शन में काल कोई ठोस, स्वायत्त या वस्तुगत सत्ता नहीं है. वह न तो कहीं संचित है और न ही किसी स्वतंत्र अस्तित्व...

सरदार पटेल के दौर में पुलिसिया दमन और आदिवासी संघर्ष: खरसावां गोलीकांड (1948) का गहन ऐतिहासिक विश्लेषण

स्वतंत्र भारत के इतिहास में खरसावां गोलीकांड एक ऐसा कला अध्याय है जो रियासतों के विलय की प्रक्रिया में आदिवासी स्वशासन की मांगों की अनदेखी और पुलिसिया दमन...

सूर्य और चंद्रमा: बहुजन संघर्ष का शाश्वत अंतर

इतिहास की पृष्ठभूमि में जब हम भारतीय समाज की गहन पीड़ा को देखते हैं, तो स्पष्ट हो जाता है कि शोषित, पीड़ित और वंचित...

चमारों की चेतना: आग से राख, राख से सिंहासन

'चमारों की इतनी जुर्रत!चमार राजनीति करेगा!चमार भाषण सुनाएगा!चमार देश चलाएगा!यह कैसा कलियुग आ गया!' यह बात 1980 के मध्य दशक की है। बहुजन समाज पार्टी...

Opinion: धर्म का मर्म शब्दों में नहीं, आचरण में है

बहुम्पि चे संहित भासमानो, न तक्करो होति नरो पमत्तो।गोपोव गावो गणयं परेसं, न भागवा सामञ्ञहस्स होति॥ अप्पम्पि चे संहित भासमानो, धम्मस्स होति अनुधम्मचारी।रागञ्चप दोसञ्चस पहाय...