24.1 C
New Delhi
Saturday, February 7, 2026

बोधिसत्व संत रैदास

भगवान ने सकल जगत को स्तब्ध कर देने वाली घोषणा की थी- तीन माह बाद तथागत महापरिनिर्वाण को उपलब्ध होंगे. और माघ पूर्णिमा के दिन दिन ही संत रैदास का जन्म हुआ है. जन्म भी वहाँ हुआ जहाँ तथागत ने प्रथम धम्मोपदेश किया, वाराणसी में. संत रैदास बुद्ध धम्म की एक धारा हैं....

संत रैदास बुद्ध धम्म की एक धारा हैं. प्रत्यक्ष रूप से वह बौद्ध नहीं दिखते हैं लेकिन गहन विवेचना उनको सीधे बुद्ध धम्म से जोड़ती है.

उनका जन्म उस समय हुआ, 15वीं शताब्दी में, जब बुद्ध का धम्म भारत से क्रमिक रूप से लुप्त होता हुआ दिखाई दे रहा था, लेकिन वास्तव में उससे नये सम्प्रदायों का जन्म हो रहा था, जो प्रत्यक्ष रूप से नये सम्प्रदाय दिख रहे थे लेकिन उनकी मौलिक जड़ें बुद्ध धम्म में थीं.

बौद्ध धर्म का एक सम्प्रदाय सहजयान बन चुका था. इसी सहजयान से भक्ति सम्प्रदाय का जन्म हुआ जिसके उल्लेखनीय प्रकट व्यक्तित्व मध्यकाल के संत हैं- संत रैदास, संत कबीर उनमें सर्वाधिक विख्यात हैं.

संत रैदास के पदों और दोहों का गहन अध्ययन किया जाए तो वे बुद्ध के वचनों के सिवा कुछ नहीं हैं.

चंद्रिका प्रसाद जिज्ञासु एवं अन्य कुछ लेखकों व शोधार्थियों ने संत रैदास पर लिखित अपनी पुस्तकों में उल्लेख किया है कि:

संत रैदास के पिता का नाम रघु अथवा रघ्घु था और मां का नाम घुरबिनिया अथवा करमा देवी था. इस दम्पति की सारनाथ में प्रवास कर रहे एक बौद्ध भिक्षु भंते रेवत पर बड़ी श्रद्धा थी. वह उनके दर्शन के लिए और उनसे उपदेश सुनने के लिए काशी से सारनाथ प्रायः जाया करते थे. वह निःसंतान दम्पति थे. एक दिन भंते जी ने दान और संतान का माहात्म्य बताया. दान कथा से प्रभावित होकर इस दम्पति ने एक दिन बड़ी श्रद्धापूर्वक अपने गुरु भंते रेवत को भोजनदान दिया और मिष्ठान्न के रूप में खीर खिलाई.

इस भोजनदान के उपरांत यथासमय माता करमा देवी ने एक संतान को जन्म दिया. दम्पति ने अपने गुरु भंते रेवत पर श्रद्धा के कारण बच्चे का नाम रेवतदास रखा जो कि कालान्तर में अपभ्रंशित हो कर रैदास हो गया. इस प्रकार संत रैदास का आध्यात्मिक सम्बन्ध सीधे बुद्ध धम्म से है क्योंकि उनके माता-पिता एक बौद्ध भिक्खु (भिक्षु) के प्रत्यक्ष शिष्य थे. यद्यपि कि जब तक रैदास युवा हुए तब तक भंते रेवत शांत हो चुके थे तथापि रैदास के पदों और दोहों में जो शिक्षाएं व्यक्त हुई हैं वह बुद्ध के वचनों के सिवा कुछ भी नहीं हैं:

• रैदास बाम्हन मति पूजिए, जो होवै गुनहीन।
पूजिहि चरन चण्डाल के, जऊ होवै गुन परवीन।।

• रैदास उपजई सब एक बूँद ते, का बाम्हन का सूद।
मूरिखजन न जानहिं, सभ मह राम मजूद।।

• रैदास इक ही नूर तो, जिमि उपज्यो संसार।
ऊँच-नीच किहि बिधि भये, बाम्हन अरु चमार।।

• रैदास जनम के कारने, होत न कोऊ नीच।
नर को नीच कर डारि है, ओछे करम की कीच।।

रैदास के ये वचन ठीक वही हैं जो सदियों पहले बुद्ध ने कहा है :

• न जच्चा होति वसलो, न जच्चा होति ब्राह्मणो।
कम्मा होति वसलो, कम्मा होति ब्राह्मणो ।।

– अर्थात जन्म से कोई अछूत नहीं होता, न जन्म से कोई ब्राह्मण होता है। कर्म से कोई ब्राह्मण होता है , कर्म से कोई अछूत होता है।

• दया भाव हिरदै नहीं, भखहिं पराया मास।
ते नर नरक महं जाइहिं, सत भाषै रैदास। ।

यह भगवान बुद्ध के शिक्षा पद को संत रैदास ने अपने शब्दों में कहा है – पाणातिपाता वेरमणि सिक्खापदं समादयामि– मैं प्राणिमात्र की हिंसा से विरत रहने की शिक्षा गृहण करता हूँ।

भगवान बुद्ध का शिक्षा पद है- सुरामेरय मज्ज पमादट्ठाना वेरमणि सिक्खापदं समादयामि – मैं समस्त मादक पदार्थों से विरत रहने की शिक्षा गृहण करता हूँ।

भगवान बुद्ध के इन्हीं शिक्षा पदों को संत रैदास ने अपने युग में अपनी तरह से कहा है :

• रैदास मदुरा का पीजिये, जो चढ़े उतराए।
नांव महारस पीजिये, जो चढ़े नहिं उतराए। ।

संत रैदास, संत कबीर एवं मध्यकाल के अनेक संतों के पदों में इष्ट के रूप में, आराध्य के रूप में राम , श्याम, गोविन्द, गिरधर इत्यादि शब्दों का उल्लेख है जिसे पढ़कर बुद्धिवादी लोग रैदास को बौद्ध परम्परा की एक धारा मानने में थोड़ा झिझकते हैं. लेकिन इस झिझक को रैदास के समकालीन उनके धर्मबन्धु संत कबीर ने बड़ी निर्भीकता से तोड़ा है:

राम नाम सब कोई जपे, ठग ठाकुर अरु चोर।
जो नाम साधु जपे सोई नाम कुछ और ।।

इन संतों के इष्ट राम वह राम नहीं हैं जिस राम के नाम पर आज हाहाकार हो रहा है, दंगा-फसाद हो रहा है। इन संतों के राम उनका अंतर का बुद्धत्व है, निर्वाण है:

संत रैदास ने कहा भी है :

कहि रैदास समुझि रे संतों, इह पद है निरवान।
इहु रहस कोई खोजै बूझै, सोइ है संत सुजान। ।

संत रैदास के पदों और भजनों में बड़ी गहन बौद्ध शब्दावलियों का, टर्मिनोलाजी का, प्रयोग हुआ है :

कहि रैदास तजि सभ त्रस्ना…

संत रैदास समस्त तृष्णा को तज देने की बात कर रहे हैं।

भगवान बुद्ध के सम्बोधि के ठीक बाद प्रथम वचन हैं- तन्हानं खय मज्झगा– तृष्णा का क्षय हो गया है…

यह तृष्णा शब्द बौद्ध शब्दावली है. धम्मपद में पूरा एक अध्याय तृष्णा पर है – तन्हा वग्गो अर्थात तृष्णा वर्ग. वही संत रैदास कह रहे हैं- कहि रैदास तजि सभ त्रस्ना…

संत रैदास का साधना मार्ग विपस्सना है. विपस्सना का सहज सा अर्थ है समता में रहना- न सुखद वेदनाओं से राग, न दुःखद वेदनाओं से द्वेष, बल्कि समता में स्थित रहना.

संत रैदास वही अनुभूति अपने शब्दों में कहते हैं:

राग द्वेष कूं छाड़ि कर, निह करम करहु रे मीत।
सुख दुःख सभ महि थिर रहिं, रैदास सदा मनप्रीत।।

वे विपस्सना की एक बड़ी गहन अनुभूति को बड़े प्रेमल शब्दों में व्यक्त करते हैं:

गगन मण्डल पिय रूप सों , कोट भान उजियार।
रैदास मगन मनुआ भया, पिया निहार निहार ।।

भगवान बुद्ध ने सुख, दुःख, लाभ, हानि इत्यादि को लोक धर्म कहा है। जो इन लोक धर्मों से अविचल रहता है, उसका मंगल होता है:

फुट्टस्स लोक धम्मेहि चित्तं यस्स न कम्पति।
असोकं विरजं खेमं, एतं मंगलमुत्तमं। ।

– जिसका चित्त लोक धर्मों से विचलित नहीं होता, वह शोकरहित, निर्मल होता है, यह उत्तम मंगल है.

इसी को संत रैदास ने अपने शब्दों में कहा है:

सुख दुःख हानि लाभ कौ, जऊ समझहि इक समान।
रैदास तिनहि जानिए, जोगी संत सुजान। ।

भगवान बुद्ध का शब्द ‘ सति ‘ अथवा स्मृति ही मध्यकाल के संतों की भाषा में सुरति बन गया है. जिसे भगवान बुद्ध ने सम्यक् स्मृति कहा है उसे ही संत रैदास ने सुरति अथवा सुरत कहा है :

सुरत शब्द जऊ एक हो, तऊ पाइहिं परम अनन्द ।
रैदास अंतर दीपक जरई, घर उपजई ब्रम्ह अनन्द ।।

यह ब्रम्ह अनन्द क्या है? ब्रम्ह विहार ही ब्रम्ह आनन्द है. ब्रम्ह विहार अर्थात मैत्री, करुणा, मुदिता, उपेक्खा.

भगवान बुद्ध सम्यक् समाधि को आर्य अष्टांग मार्ग के आठ अंगों में एक अंग बताते हैं. उसी समाधि को संत रैदास अपने शब्दों में व्यक्त करते हैं:

समाधि थिति संत जन, अपनहु अप्प मिटांहि।
जिमी गंगा समुद मिलि, रैदास समुदहि विलांहि ।।

भगवान बुद्ध धर्म के नाम पर चल रहे अंधविश्वासों के विध्वंसक हैं और संत रैदास उसे पुष्ट करते हैं:

जहं अंध विस्वास है, सत्त परख तहं नांहि ।
रैदास संत सोई जानिहै, जौ अनुभव होहि मन माहि।।

भगवान बुद्ध के वचन हैं: मनो पुब्बंगमा धम्मा मनो सेट्ठा मनोमया…

– मन समस्त धर्मों का पूर्व नायक है, मन श्रेष्ठ है …

संत रैदास ने इसी बात को अपने समय की भाषा में कहा:

मन ही पूजा मन ही धूप,
मन ही सेऊ सहज सरूप।

और

मन चंगा तो कठौती में गंगा …

मन चंगा है तो कठौती में गंगा है । संत रैदास बुद्ध के प्रतिनिधि हैं।

संत रैदास का विस्तार सम्पूर्ण भारत है- उनके पद मराठी में अभंगों के रूप में मिलते हैं, राजस्थानी में मिलते हैं, पंजाब में गुरुग्रन्थ साहेब में गुरुमुखी में मिलते हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि संत रैदास का विस्तार तिब्बत तक है. बुद्ध धम्म में चौरासी सिद्धों का उल्लेख है. चौरासी सिद्धों का क्रमवार विवरण तिब्बती परम्परा ने संरक्षित किया हुआ है. चौरासी सिद्धों के विवरण में संत रैदास क्रम संख्या चौदह पर हैं. वह विवरण एक और मिथक तोड़ता है कि संत रैदास के गुरु रामानन्द थे. तिब्बती परम्परा उल्लेख करती है कि संत कबीर और संत रैदास के गुरु एक बौद्ध भिक्षु थे जिनका नाम जालंधर नाथ था.

(लेखक: राजेश चंद्रा जी, ये लेखक के अपने विचार हैं)

— Dainik Dastak —

Download Suchak App

खबरें अभी और भी हैं...

यूजीसी समानता विनियमन 2026: एससी, एसटी और ओबीसी के हितों पर एक गहरा आघात

वर्तमान में सामान्य श्रेणी के बीच इस बात को लेकर शोर है कि इन विनियमनों के कारण उन पर 'फर्जी मामलों' की बाढ़ आ...

क्या भगवान बुद्ध सचमुच क्षत्रिय थे?

क्या सचमुच बुद्ध क्षत्रिय, ठाकुर अथवा राजपूत थे? इसको लेकर अक्सर कई बातें प्रचलन में रहती है लेकिन किसी भी शंकराचार्य ने कभी बुद्ध...

भारतीय सामाजिक व्यवस्था में “ऊँच-नीच” की मानसिकता: एक भयंकर ब्रह्मणी रोग

भारतीय समाज की सबसे गहरी और लगभग अटूट बीमारी उसकी जाति-आधारित ऊँच-नीच की मानसिकता है, जिसे विद्वान व विचारक "ब्रह्मणी रोग" या ब्राह्मणवादी चेतना...

ईश्वर अल्लाह गॉड: नाम की लड़ाई या पहचान का अहंकार?

भारत एक ऐसा देश है जहाँ सदियों से विविध धर्म, भाषाएँ और संस्कृतियाँ एक साथ साँस लेती आई हैं, एक-दूसरे के साथ फलती-फूलती रही...

बाबासाहेब का मिशन: सराय नहीं, संकल्प का दुर्ग है

भारतीय इतिहास में कुछ नाम ऐसे हैं जो सदियों की गुलामी की जंजीरों को तोड़ने के प्रतीक हैं। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ऐसे ही...

राजनीतिक सत्ता से समतामूलक संस्कृति की ओर: बहुजन समाज की स्वतंत्र अस्मिता का उदय

भारतीय समाज और आधुनिक लोकतंत्र के गहन अध्ययन से एक अटल सत्य उभरकर सामने आता है—जिनकी सांस्कृतिक पहचान मजबूत है, उनके पास ही सामाजिक...

भीमा कोरेगांव: जातिवाद पर विजय का ओजस्वी संदेश

दो सौ वर्ष पूर्व की वह गौरवमयी सुबह, जब भीमा नदी के तट पर पुणे के निकट कोरेगांव के मैदान में एक असाधारण महासंग्राम...

काल का मिथ्या यथार्थ और शून्यता का बोध

बौद्ध दर्शन में काल कोई ठोस, स्वायत्त या वस्तुगत सत्ता नहीं है. वह न तो कहीं संचित है और न ही किसी स्वतंत्र अस्तित्व...

सरदार पटेल के दौर में पुलिसिया दमन और आदिवासी संघर्ष: खरसावां गोलीकांड (1948) का गहन ऐतिहासिक विश्लेषण

स्वतंत्र भारत के इतिहास में खरसावां गोलीकांड एक ऐसा कला अध्याय है जो रियासतों के विलय की प्रक्रिया में आदिवासी स्वशासन की मांगों की अनदेखी और पुलिसिया दमन...

सूर्य और चंद्रमा: बहुजन संघर्ष का शाश्वत अंतर

इतिहास की पृष्ठभूमि में जब हम भारतीय समाज की गहन पीड़ा को देखते हैं, तो स्पष्ट हो जाता है कि शोषित, पीड़ित और वंचित...

चमारों की चेतना: आग से राख, राख से सिंहासन

'चमारों की इतनी जुर्रत!चमार राजनीति करेगा!चमार भाषण सुनाएगा!चमार देश चलाएगा!यह कैसा कलियुग आ गया!' यह बात 1980 के मध्य दशक की है। बहुजन समाज पार्टी...

Opinion: धर्म का मर्म शब्दों में नहीं, आचरण में है

बहुम्पि चे संहित भासमानो, न तक्करो होति नरो पमत्तो।गोपोव गावो गणयं परेसं, न भागवा सामञ्ञहस्स होति॥ अप्पम्पि चे संहित भासमानो, धम्मस्स होति अनुधम्मचारी।रागञ्चप दोसञ्चस पहाय...